
दैनिक भारत न्यूज
शाहजहांपुर।
जिले में यहां श्मशान घाट में तीन शराबी जलती चिता पर मांस पका रहे थे। मृतक के बेटे ने विरोध किया तो तीनों जान से मारने की धमकी देने लगे। घटना की सूचना पर पुलिस सन्न रह गयी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया गया।
यह घटना पुवाया थाना क्षेत्र के गांव नत्थापुर की है। यहां गांव के ही रहने वाले 60 साल के छोटेलाल की लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई थी। बीते दिवस दोपहर के बाद ग्रामीण एवं रिश्तेदारों के साथ छोटेलाल केशव का अंतिम संस्कार करने के लिए शमशान घाट ले जाया गया। यहां बेटे द्वारा मुखाग्नि देने के साथ ही अंतिम संस्कार कर सभी लोग वापस गांव आ गए। मुखाग्नि देने वाले बेटे वीरपाल ने सोचा की चिता के पास दोबारा जाना चाहिए शव जलने में कोई समस्या तो नहीं है। इसी वजह से वह अंतिम क्रिया के दर्शन के लिए श्मशान घाट पहुंचा, तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। श्मशान घाट में जलती हुई चिता पर तीन शराबियों द्वारा मांस पकाया जा रहा था, चिता पर रखे बर्तन में मांस पकता देख वीरपाल ने मना किया, तो तीनों शराबी उसके साथ गाली गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए। वीरपाल ने जब उपरोक्त घटना की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस कर्मियों के भी होश फाख्ता हो गए, प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर तत्काल तीनों आरोपियों रामचरन, सुरेन्द्र और राजेंद्र को गिरफ्तार किया गया और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजवा दिया गया।
