आशीष तिवारी

आजमगढ़।
भोलीभाली लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर बिहार प्रदेष के पूर्वी चम्पारण सहित अन्य जिले के वेश्यालयों में उन्हें बेचने वाले दंपति को अहरौला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक लड़कियों को झांसा देकर फंसाता है, जबकि उसकी पत्नी लड़की का रेट निर्धारित करती है। गिरफ्तार आरोपी अब तक कई लड़कियों को निशाना बना चुके हैं। इस रैकेट का पर्दाफास होने के बाद पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जांच पड़ताल में जुट गई है।
एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राज पुत्र अजय शर्मा और उसकी पत्नी सितारा खातून है। यह दोनों बिहार प्रदेश के पूर्वी चंपारण जिले के गढ़हरिया बाजार थाने के तलवा गढ़ही गांव के निवासी हैं। दोनों अहरौला थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। एसपी ने बताया कि 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें आरोप है कि उसकी 18 साल की बेटी कहीं चली गई है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी को सौंपी गई। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि गायब हुई युवती अभिषेक राज नामक युवक के साथ गई है। इसके आधार पर पुलिस बिहार पहुंची। वहां की पुलिस की मदद से पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र में स्थित चनकपुरी महावीर अस्पताल के पास से अभिषेक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर अहरौला लाई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि अभिषेक राज घूमकर लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाता है और अपनी पत्नी सितारा खातून के माध्यम से अपने परिचित बिहार के रहने वाले गफ्फार मियां एवं उसकी पत्नी बिंधा के हाथों बेच देते हैं। पुलिस के मुताबिक गफ्फार मियां युवतियों का स्वयं शारीरिक शोषण करता है। मन भर जाने के बाद उन्हें बिहार प्रदेश के पूर्णिया जिले के वेश्यावृत्ति के लिए बेच देता है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर जेल भेजवा दिया गया। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। अब तक इनके द्वारा कितनी और लड़कियों को बेचा जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *