सुरेंद्र राय

आजमगढ़।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के विजरवां गांव निवासी मुकेश यादव की मौत का रहस्य घटना के तीसरे दिन गुरुवार को भी हत्या और दुर्घटना के बीच उलझा रहा। इस घटना में बिलरियागंज ब्लाक के पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेशचंद्र समेत अन्य का नाम आने से राजनैतिक सरगर्मी बढ़ गई है। पुलिस घटना के सच का पता लगाने के लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नेटवर्क आदि को खंगाल रही है।
बता दें कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के विजरवां गांव निवासी मुकेश यादव प्रापर्टी डिलिंग के साथ ही बाजार में चाय की दुकान चलाता था। वह जरुरतमंद लोगों को उधार पैसा भी देता था। मंगलवार की रात करीब दस बजे मुकेश बाजार से घर के लिए निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। उसकी लाश घर से थोड़ी दूर खून से लतपथ सड़क के किनारे पड़ी थी। घटना के संबंध में मुकेश के भाई अरविंद यादव ने थाने में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। जिसके आधार पर पुलिस बुधवार को बिलरियागंज ब्लाक के पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेशचंद्र सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई, लेकिन घटना के तीसरे दिन गुरुवार को भी पुलिस के हाथ इस मामले मेें खाली रहे। पुलिस इस बात का भी पता नहीं लगा सकी कि मुकेश की मौत हत्या है या दुर्घटना। उधर इस घटना के बाद जब लोग आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेशचंद्र से संपर्क किए तो पता चला कि वे जम्मू कश्मीर से घूमते हुए दिल्ली पहुंचे हैं। उनका कहना है कि इस घटना से उनका कोई लेनादेना नहीं है, उन्हें फंसाया जा रहा है। इस संबंध में सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि पुलिस सच का पता लगाने के लिए दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बहुत जल्द ही घटना के रहस्य से पर्दा उठ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *