
नरेंद्र बहादुर राय
आजमगढ़।
छुट्टा पशुओं से शहर और गांव देहात के लोग काफी परेशान हैं। खासतौर से किसानों की समस्या ऐसे पशुओं से काफी बढ़ गयी है। इन पशुओं के आतंक की वजह से ही ज्यादातर किसान मक्का सहित अन्य फसलों की बुआई करना छोड़ दिए हैं। इन पशुओं की वजह से धान की फसल बचाना भी मुश्किल हो गया है। मंगलवार को बिलरियागंज में व्यापार मंडल की तरफ से ज्ञापन सौंपा गया।
इनका कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में पुराने चौक से नये चौक तक मुख्य मार्ग पर छुट्टा पशुओं, बंदरों और कुत्तों की बढ़ती संख्या से राहगीरों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सड़क और चौराहों पर पशुओं के जमावड़े से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। अचानक पशुओं के सड़क पर आने से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विशाल जायसवाल, महामंत्री अम्बिका प्रजापति ने नगर पालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। व्यापारियों ने मुख्य मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को गौशाला या सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग की।
साथ ही खुले में पशु छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई और समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की गई। व्यापार मंडल ने शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी आजमगढ़, एसडीएम सगड़ी और थानाध्यक्ष बिलरियागंज को भी भेजी है। इस मौके पर अमित, बजरंग और मनोज प्रजापति समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
