
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाक्टर अनिल कुमार द्वारा मातहतों की कार्यशैली और जवाबदेही की नियमित समीक्षा कराई जा रही है। समीक्षा के दौरान यूपी डायल-112 के मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल व आरक्षी कमलेश कुमार गौड़, जो वर्तमान में थाना जहानागंज की पी.आर.वी. पर नियुक्त हैं। उक्त पुलिस कर्मियों ने पीआरवी चालक होमगार्ड राधेश्याम द्वारा लापरवाही पूर्वक पीआरवी वाहन चलाकर दिनांक 05.07.2026 को दीवाल में टक्कर मारकर छतिग्रस्त करने की सूचना कन्ट्रोल को नहीं दी गयी और न ही प्रभारी को अवगत कराया गया। मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल व आरक्षी कमलेश कुमार गौड़ के विरुद्ध अनुशासनहीनता, अकर्मण्यता, लापरवाही एवं स्वेच्छाचारित बरतने के आरोप प्रकाश में आये है। इस प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली-1991 के प्रावधानों के अंतर्गत विभागीय जांच संस्थित करते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कहा कि पुलिस कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं अनुशासित पुलिसिंग के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
