
आशीष तिवारी
आजमगढ़।
त्यौहारों के सीजन में तेज ध्वनि से डीजे बजाने और प्रतियोगिता करने से आमजन को काफी परेशानी होती है, लेकिन इनकी कोई सुनने वाला नहीं है। ऐसे में आजमगढ़ के निरीक्षण पर आए एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोड़ा के समक्ष डीजे की ध्वनि पर नियंत्रण का मुद्दा उठा तो पुलिस सक्रिय हो गई और निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में सोमवार की रात को प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज ध्वनि में डीजे बजाने और प्रतियोगिता करने वाले दो डीजे के उपकरणों को पुलिस ने जब्त कर दिया। डीजे संचालक और आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाष में जुट गई है।
बता दें कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर लालगंज बाजार में तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया गया था। चौथे दिन प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। मेला तक तो गलीमत रहा, लेकिन विर्सजन के दौरान यहां सारी मर्यादाएं ताक पर रख दी गई। आलम यह रहा कि डीजे की तेज ध्वनि से कई दुकानदारों के दुकान में रखी गई सामानें गिरकर टूट गईं। बाजार के लोग करीब तीन घंटे तक कान में रुई डालकर गुजारे। ऐसा ही कुछ हाल जिला मुख्यालय से लेकर गांव देहात की बाजारों का देखने को मिला। डीजे संचालकों और पूजा कमेटी के आयोजकों के समक्ष स्थानीय पुलिस की एक न चली तो आमजन का क्या हाल हो सकता है, इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है। सोमवार को एडीजी वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा जिला पुलिस का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनके समक्ष भी तेज ध्वनि से डीजे बजाने का मुद्दा उठा तो उन्होंने भी इस पर नाराजागी व्यक्त करते हुए एसपी आजमगढ़ को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई और रात में निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान समिति के सदस्य तेज ध्वनि से डीजे बजाते हुए जा रहे थे। रास्ते में दो गुटों में प्रतियोगिता शुरू हो गई। दोनों ही डीजे वाले तेज ध्वनि में डीजे बजाने लगे, जिससे आमजन को काफी परेशानी हो रही थी। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसवालों ने डीजे का साउंड कम करने को कहा तो आयोजक नाराजगी व्यक्त करने लगे। इस दौरान कहासुनी होने पर पुलिस ने दो डीजे के सारे सामानों को जब्त कर ली। इसमें तीन एम्पलीफायर, 32 बड़े साउंड बाक्स, 14 स्पीकर, 3 माइक, 17 मषीन, 14 लेजर लाइट, दो मिक्सर, एक इक्वालाइजर, 3 एसआरपी लाइट, 3 स्टेबलाइजर, 9 बोर्ड, एक तख्त, 2 मेज, 3 स्टैंड फैन, दो पिकअप षामिल है। निजामाबाद थाने के उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य के मुताबिक दोनों डीजे संचालक और पूजा कमेटी के लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
