
सुरेंद्र राय
पटवध।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के विजरवां सर्विस रोड मोड़ के पास मंगलवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के घर वालों ने हत्याकर लाश फेंकने का आरोप लगाया। जबकि पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही है। घर वालों की मांग पर युवक की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा, उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृत युवक मुकेश यादव (36) पुत्र चंद्रभान मुबारकपुर थाने के विजरवां गांव का निवासी था। वह बाजार में चाय की दुकान किया था। इसके अलावा ट्रैक्टर भी चलाता था। मंगलवार की रात करीब दस बजे मुकेश अपने घर से करीब सौ मीटर पहले ही खून से लतपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। राहगिरों के जरिए घर वालों को जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दिए। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंच गई। मृत मुकेश के भाई अरविंद यादव ने हत्या का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस मौत का कारण स्पष्ठ होने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है। मृत मुकेश तीन बच्चों का पिता था। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
