
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
हरिऔध कला भवन सभागार में बुधवार को आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हे प्रदेश मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका वह पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका सार्वजनिक एवं संगठनात्मक जीवन छात्र राजनीति से प्रारंभ हुआ और उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में संगठन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संस्कार प्राप्त किए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने समय-समय पर उन पर विश्वास जताते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे। उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष, भाजपा जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी का जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय मंत्री, क्षेत्रीय महामंत्री तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। आज प्रदेश मंत्री के रूप में मिली नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन के प्रति और अधिक उत्तरदायित्व का विषय है।
सहजानंद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और प्रतिबद्धता के बल पर संगठन के सर्वोच्च दायित्वों तक पहुंच सकता है और उनका स्वयं का राजनीतिक जीवन इसका प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश मंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनौतियों का सामना करने के लिए एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि सहजानंद राय ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत विद्यार्थी परिषद से की और गांव-गांव, बूथ-बूथ तथा कार्यकर्ता-कार्यकर्ता के बीच जाकर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। उनकी मेहनत, संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें समय-समय पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सहजानंद के आगमन पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका जगह जगह भव्य स्वागत किया। इस कार्यक्रम के संयोजक पूर्व जिलाध्यक्ष लालगंज व संस्थापक अध्यक्ष स्वाभिमान मंच सूरज प्रकाश श्रीवास्तव थे। इस अवसर पर पूर्व सांसद संतोष सिंह, होम्योपैथी बोर्ड के पूर्व सदस्य श्याम नारायण सिंह दादा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ माला द्विवेदी,प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा घनश्याम पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राधेश्याम सिंह गुड्डू, क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र,सच्चिदानंद सिंह, हवलदार सिंह आदि मौजूद रहे।
