दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
पुलिस कार्यालय में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 7 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पहला मामला थाना तरवां क्षेत्र के भरतीपुर स्थित TVS एजेंसी में हुई चोरी का है। 11 नवंबर को हुई चोरी का सफल अनावरण कर पुलिस टीम ने चोरी का सामान बरामद किया था। इस सराहनीय कार्य के लिए 6 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में थानाध्यक्ष तरवां राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सूरज तिवारी, हेड कांस्टेबल संजय द्विवेदी, कांस्टेबल बिपिन यादव, कांस्टेबल आलोक सिंह और ओपी दिनेश कुमार यादव शामिल हैं। SSP ने टीम की तत्परता और जांच कौशल की सराहना की।
दूसरे मामले में LIU प्रभारी अरविंद कुमार राय को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। LIU प्रभारी ने वांछित गो-तस्करों, बाहरी व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से शस्त्र लाइसेंस प्राप्त करने, संदिग्ध विदेशी नागरिकों और असामाजिक तत्वों के संबंध में गोपनीय सूचनाएं संकलित कर प्रभावी विधिक कार्रवाई कराने में अहम भूमिका निभाई। उनकी खुफिया जानकारी से कई बड़े मामलों में कार्रवाई आसान हुई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पाण्डेय और सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वरलाल गुर्जर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
SSP डॉ. अनिल कुमार ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि इसी प्रकार निष्ठा, सतर्कता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहें, ताकि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *