
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को जनपद से स्थानांतरित हुए दो पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई पाने वाले अधिकारियों में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी शामिल हैं। पंकज श्रीवास्तव का स्थानांतरण जनपद मऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर हुआ है, जबकि शुभम तोदी को जनपद संभल भेजा गया है।
इस अवसर पर SSP डॉ. अनिल कुमार ने दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान जनपद में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सराहनीय योगदान दिया है। उनके कार्यों की सराहना करते हुए नवीन तैनाती स्थल पर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में उपस्थित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों अधिकारियों को बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य और सफल दायित्व निर्वहन की कामना की।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वरलाल गुर्जर, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
