
दैनिक भारत न्यूज
फूलपुर (आजमगढ़)।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों सरायमीर स्थित अपने रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने जा रहे थे। हादसा पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने हुआ। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सैदपुर गांव निवासी प्रमिला (45) अपने छोटे बेटे नीरज (19) के साथ बाइक से सरायमीर के लिए निकली थीं। दोनों परिवार में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कार को थाने पहुंचा दिया है।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में मां-बेटे की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रमिला के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे प्रिंस (22) और बेटी रागिनी (26) के साथ परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था। छोटे बेटे नीरज की मां के साथ हादसे में मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। प्रमिला के पति सुशील पहले मुंबई में रहते थे, लेकिन कुछ दिनों से घर पर ही थे। मां-बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी समारोह में शामिल होने की तैयारी कर रहे परिजनों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। गांव में भी घटना को लेकर शोक व्याप्त है।
