दैनिक भारत न्यूज

लालगंज, (आजमगढ़)। तहसील सभागार में गुरुवार को नवागत तहसीलदार भानु प्रताप सिंह का अधिवक्ताओं के साथ परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। ललितपुर से स्थानांतरित होकर आए तहसीलदार ने अधिवक्ताओं से औपचारिक परिचय प्राप्त किया और न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की।
तहसीलदार भानु प्रताप सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से फतेहपुर जिले के निवासी हैं। पूर्वांचल में यह उनकी पहली तैनाती है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित और निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। पीड़ितों के आवेदन पत्रों की नियमित समीक्षा की जाएगी। सभी प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए अधिवक्ताओं का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
वहीं, अधिवक्ताओं ने नवागत तहसीलदार का स्वागत करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही तहसील परिसर में व्याप्त कुछ व्यावहारिक कमियों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर तहसीलदार ने सभी कमियों को शीघ्र दूर करने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर विंध्यवासिनी राय, समर बहादुर सिंह, नगेंद्र सिंह, धर्मेश पाठक, अमरनाथ यादव, ओमप्रकाश वर्मा, अशोक अस्थाना, राजेंद्र प्रसाद सिंह, इंद्रभानु चौबे, देवेंद्र नाथ पांडेय समेत काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *