दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है।
मऊ जनपद के घोसी निवासी रामदुलारी की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर जाम समाप्त कराया।
परिजनों का आरोप है कि रामदुलारी को हार्निया की शिकायत पर आर नंदिनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने बिना परिजनों को सूचना दिए उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तब तक रास्ते में ही महिला की मौत हो चुकी थी। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। मुबारकपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और यातायात बहाल कराया।

क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *