दैनिक भारत न्यूज

वाराणसी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में वाराणसी को विकास की बड़ी सौगात मिली। कैबिनेट ने लगभग 25 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर और वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी मंडलायुक्त वाराणसी यशराज लिंगम ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वाराणसी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने और शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
सरकार के अनुसार, दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से वाराणसी में सड़क संपर्क बेहतर होगा और शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा। इसके साथ ही काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुगम एवं तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी।
परियोजना के तहत लगभग 89 किलोमीटर का आधुनिक एलिवेटेड सड़क नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इससे शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और भविष्य में बढ़ते यातायात के दबाव को संभालने में भी मदद मिलेगी।
केंद्र सरकार का मानना है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से वाराणसी में पर्यटन, व्यापार और निवेश को नया प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
वाराणसी के लिए यह परियोजना आने वाले वर्षों में शहर के बुनियादी ढांचे को नई पहचान देने वाली साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यापारियों और पर्यटकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *