
दैनिक भारत न्यूज
बहराइच।
लाख प्रयास के बावजूद भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला बहराइच जिले में उजागर हुआ। जहां एंटी करप्शन टीम द्वारा दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार लेखपाल उमेश कुमार पाठक है। वह बहराइच जिले के महसी तहसील में तैनात था।
शिकायतकर्ता दुलारे यादव ने एण्टी करप्शन टीम को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बाबा विश्वनाथ के नाम दर्ज जमीन का कुर्रा बनाकर कोर्ट में पेश करने के एवज में लेखपाल उमेश कुमार पाठक लगातार घूस मांग रहा था।
शिकायत पर देवीपाटन मंडल गोंडा के ट्रैप टीम प्रभारी, निरीक्षक राम सहाय यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के मुताबिक, जैसे ही मिर्जा नदीम बेग के फार्म हाउस पर लेखपाल ने दस हजार की रिश्वत थामी, पहले से जाल बिछाकर बैठी एण्टी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार लेखपाल उमेश कुमार पाठक मूल रूप से श्रावस्ती जिले का रहने वाला है और वर्तमान में बहराइच के सराय मेहराबाद क्षेत्र में तैनात था। एण्टी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली देहात बहराइच में मुकदमा दर्ज करा दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
