
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
देवगांव कोतवाली पुलिस गुरुवार की देर रात को मोलनापुर गांव के पास नेशनल हाइवे पर स्थित ओवरब्रिज के नीचे से तीन चोरों को गिरफ्तार की। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से चोरी के करीब चार लाख रुपये मूल्य से अधिक के आभूषण बरामद हुए। पुलिस चोरों के कब्जे से एक चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक यह पेशेवर चोर हैं और आजमगढ़, जौनपुर व आसपास के जिलों में घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके खिलाफ अब तक विभिन्न थानों में 34 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ लालगंज आस्था जायसवाल के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चोरों में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव निवासी संजय राय पुत्र अकबाल बहादुर, मेहनगर थाने के अहिरौली गांव निवासी सुमित उर्फ सोनू सिंह पुत्र सत्यदेव और निजामाबाद थाना क्षेत्र के तिलहुआ गांव निवासी संतोश सिंह पुत्र स्व. चंद्रप्रकाश सिंह का नाम शामिल है। सीओ ने बताया कि 30 सितंबर 2026 की रात को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोपालपु सोठौली गांव निवासी रमाशंकर यादव और 10 अक्टूबर 2026 की रात को कंजहित गांव निवासी शिवशंकर के घर में घूसकर चोर नगदी समेत आभूषण आदि चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में देवगांव कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार की देर रात को देवगांव कोतवाली पुलिस मोलनापुर गांव के पास स्थित ओवरब्रिज के नीचे खड़ी थी। इस दौरान बाइक से आते हुए यह तीनों चोर दिखे। पुलिस इन्हें रोककर तलाशी ली तो इनके पास से करीब चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण, चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान चोरों ने अपना जुर्म स्वीकार किए। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों पेशेवर चोर हैं। आजमगढ़, जौनपुर आदि जिलों में घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके विरुद्ध 34 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
