
दैनिक भारत न्यूज
निजामाबाद।
किसान नेता राजीव यादव ने गंदे पानी के भराव से जूझ रहे मस्जिदिया गांव के लोगों से मुलाक़ात कर जल्द से जल्द नाली निर्माण की मांग की। राजीव ने पिछले दिनों निजामाबाद क्षेत्र की जर्जर सड़कों, सीवर लाइन, स्कूल, अस्पताल, नहरों के विभिन्न सवालों पर पदयात्रा की थी।
सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव ने कहा कि मस्जिदिया गांव की नालियां सालों से बज-बजा रही हैं। नाली न होने के चलते गांव की सड़क नाला बन गई है और आसपास के खेत गंदगी से बज-बजा रहे हैं। जिससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। गंदगी की वजह से मच्छरों और बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। मस्जिदिया गांव से गुजरने वाली सड़क बरकोला, असनी, खतीरपुर गांवों को जोड़ती है। जिससे गुजरने वाले ग्रामीणों को हर दिन दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है।
राजीव ने बताया कि गांव के युवा नुरूलहोदा, अदनान, अबुल बरकार, माजिद आदि ने बताया कि नाली निर्माण की मांग करने पर प्रधान कहते हैं कि उनके पास बजट नहीं है। यह नाली पहले जिस पोखरी में गिरती थी उसकी सफ़ाई की बात की जाती है तब वो कहते हैं कि मस्जिदिया गांव के लिए पैसा नहीं आता। सफाई कर्मी द्वारा सफाई न किए जाने पर कहते हैं कि सफाई कर्मी कहीं और तैनात है। सवाल यह कि आखिर मस्जिदिया गांव के लिए क्या सरकार पैसा नहीं देती और यहां के विधायक निधि या सांसद निधि से क्या यह निर्माण कार्य नहीं हो सकता। राजीव यादव ने कहा कि निजामाबाद को बेहतर बनाने के लिए पदयात्रा की गई और मस्जिदिया, टीकापुर समेत इस क्षेत्र के ग्रामीण युवा अपने गांवों की समस्या को हल करने और विकास की मांग कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन तत्काल संज्ञान में लेकर सालिम के घर से पांच सौ मीटर के करीब की नाली का तत्काल निर्माण कराए।
प्रतिनिधि मंडल में किसान नेता राजीव यादव, किसान एकता समिति के महेंद्र यादव, नंदलाल यादव, अवधेश यादव शामिल रहे।
