आशीष तिवारी

आजमगढ़।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही जिले के सरकारी भवन, विद्यालय, निजी प्रतिष्ठान शाम होते ही झालरों की रोशनी में जगमगाने लगे। लोगों में हर्ष का माहौल है। बच्चे पंद्रह अगस्त को प्रस्तुत होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी में जुट गये हैं। इसीक्रम में पंद्रह अगस्त को लालगंज के रेतवा चंद्रभानपुर गांव में पातालपुरी रटेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी।


कांवर यात्रा के प्रमुख प्रदीप चौहान ने बताया कि यात्रा में हाथी, घोड़ा, शिवतांडव करते कलाकार निकलेंगे। जिसकी शुक्रवार की देर रात तक तैयारी चल रही थी।
उधर सुरक्षा की दृष्ट के पुलिस का सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान होटल, ढाबों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गयी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में दिनांक 14.08.2026 को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा थाना क्षेत्रों में पड़ने वाले होटल, ढाबे, रेस्टोरेन्ट, रोडवेज बसों, रोडवेज बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में सघन चेकिंग की गयी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की जांच करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित स्थानों पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गयी।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं क्षेत्राधिकारी फूलपुर द्वारा थाना फूलपुर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ होटल, ढाबों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग की गयी।


पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत जनपद के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार सतर्क निगरानी रखी जा रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा आपातकालीन पुलिस सेवा को दें।
आजमगढ़ पुलिस स्वतंत्रता दिवस को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *