
नरेंद्र बहादुर राय
आजमगढ़।
पवई थाना क्षेत्र के बखरिया ग्राम पंचायत में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पाली हुई मछलियों की रखवाली कर रहे एक युवक का शव तालाब में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के बखरिया ग्राम पंचायत निवासी पवन गिरी (32) पुत्र प्रेम गिरी मछली पालन के तालाब की रखवाली करता था। घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तालाब में उसका शव मिला।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
