
दैनिक भारत न्यूज
शामली।
जनपद की पुलिस ने अवैध शस्त्रों की तस्करी करने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद की है।
शामली जिले के झिंझाना थाने की पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मेरठ – करनाल हाईवे से दोनों आरोपियों को दबोच लिया, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे और तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद हुई है।
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी विनय और राजेश कुख्यात गंजा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इस गैंग का संचालन पंजाब के लुधियाना निवासी बाउ गिल द्वारा किया जा रहा है, जो वर्तमान में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पंजाब की होशियारपुर जेल में बंद है। हैरानी की बात यह है कि जेल की सलाखों के पीछे होने के बावजूद बाउ गिल मोबाइल ऐप के जरिए अवैध हथियारों के इस नेटवर्क को आसानी से चला रहा था।
पुलिस के मुताबिक कुछ समय पहले बाउ गिल के भाई सतेंद्र के साथ राहुल और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए बाउ गिल ने जेल से ही ऐप के जरिए विनय और राजेश से संपर्क किया। उसने दोनों को मेरठ जाकर हथियार लाने के निर्देश दिए। योजना के तहत आरोपी मेरठ में हापुड़ बस अड्डे के पास स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, जहां उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने अवैध असलहों की खेप सौंपी थी। इन हथियारों को कार के जरिए पंजाब ले जाया जा रहा था, जिन्हें गैंग के सदस्य महंगे दामों पर आगे बेचते थे।
जांच में सामने आया है कि ये तस्कर अवैध पिस्तौल को 80,000/- रुपये और तमंचे को 10,000/- रुपये तक की कीमत पर बेचते थे। हथियारों की खरीद-फरोख्त से मिलने वाले अवैध मुनाफे का इस्तेमाल आरोपी अपने शौक पूरे करने और विलासितापूर्ण जीवन जीने के लिए करते थे।
पुलिस की अगली कार्रवाई थाना झिंझाना में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य छोर खंगाल रही है और मेरठ में हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति तथा गैंग के बाकी फरार सदस्यों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
