
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा कस्बे में मंगलवार शाम खून के रिश्ते उस समय शर्मसार हो गए, जब जमीनी विवाद ने सगे भाई को ही भाई का हत्यारा बना दिया। सऊदी अरब से महज 10 दिन पहले घर लौटे 25 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जहानागंज थाना क्षेत्र के नयापुरा कस्बे में दिलशेर (25), पुत्र स्वर्गीय इम्तियाज, की चाकू लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि किसी बात को लेकर उसके भाई राजू से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि राजू ने चाकू से दिलशेर पर हमला कर दिया। चाकू का वार उसकी गर्दन पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया। मृतक की पत्नी का आरोप है कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते पहले भी परिवार में तनाव की स्थिति बनी रहती थी और घटना वाले दिन भी इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव हटाए जाने के बाद पुलिस ने बगीचे में मौजूद लोगों को हटाने के लिए लाठियां भांजी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
