
दैनिक भारत न्यूज
महोबा।
मुस्लिम धार्मिक स्थल ईदगाह में अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। चौसियापुरा इलाके के कुछ शरारती तत्वों द्वारा की गई इस हरकत से मुस्लिम समाज में भारी आक्रोश है। धार्मिक भावनाएं आहत होने पर एआईएमआईएम के बुंदेलखंड उपाध्यक्ष सैयद अदनान अली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जल्द मामला दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
वीर भूमि महोबा में धार्मिक स्थलों की मर्यादा तार-तार करने का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। शहर में मुस्लिम समाज के सबसे बड़े धार्मिक स्थल ईदगाह की पवित्रता को कुछ शरारती तत्वों ने ठेस पहुंचाई है। आरोप है कि कुछ युवक और युवतियां लंबे समय से ईदगाह परिसर में जाकर अश्लील कृत्य और नृत्य कर रहे हैं, जिसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। RAINA RANI_MAHOBA नामक फेसबुक आईडी से वायरल किए जा रहे इन वीडियो को लेकर स्थानीय मुस्लिम समुदाय में गहरा असंतोष फैल गया है। लोगों का कहना है कि ईदगाह कोई पर्यटन स्थल या रील्स बनाने की जगह नहीं है, बल्कि यह हजारों मुस्लिमों की आस्था का केंद्र है। दिन-रात गश्त करने वाली डायल 112 पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस पूरे प्रकरण को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने मोर्चा खोल दिया है। AIMIM के बुंदेलखंड उपाध्यक्ष सैयद अदनान अली अपने कार्यकर्ताओं के साथ सदर कोतवाली पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत के साथ वीडियो साक्ष्य सौंपे। शिकायतकर्ताओं ने स्पष्ट कहा है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना बेहद जरूरी है, ताकि शहर का माहौल न बिगड़े। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो डिलीट कराने और दोषियों की पहचान कर जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया है।
