दैनिक भारत न्यूज

गोरखपुर।
जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले एक बालक ने ऑनलाइन गेम खेलने के लिए पैसे जुटाने की खातिर खुद के अपहरण की कहानी रच डाली। बालक ने अपने पिता के मोबाइल पर AI से तैयार की गई तस्वीरें भेजकर एक लाख रुपये की मांग कर दी। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई सिकरीगंज पुलिस ने सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज दो घंटे में बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सिकरीगंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसका भांजा घर से निकलने के बाद वापस नहीं आया है। इसी दौरान बालक के मोबाइल से उसके पिता के मोबाइल पर कुछ तस्वीरें भेजी गईं और एक लाख रुपये की मांग की गई। मामला अपहरण से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गयी। पुलिस टीम द्वारा मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बालक तक पहुंच गई और करीब दो घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि बालक ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है। गेम में पैसे लगाने के लिए उसने खुद को अपहृत बताने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने अपने पिता को AI जनरेटेड तस्वीरें भेजीं और एक लाख रुपये की मांग किया। इस घटना की क्षेत्र में तेजी से चर्चा हो रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *