
सुरेन्द्र राय
पटवध ( आजमगढ़)।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को बिलरियागंज ब्लाक से भव्य तिरंगा रैली निकाली गयी। कार्यक्रम बिलरियागंज ब्लाक प्रमुख रमेश यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह सहित तमाम वरिष्ठ गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बिलरियागंज ब्लाक परिसर से शुरू हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत होते ही देशभक्ति गीत बजाते हुए काफिला आगे बढ़ा और नगर पालिका परिषद बिलरियागंज के विभिन्न वार्डों और ब्लाक क्षेत्र के तमाम प्रमुख स्थलों से होते हुए पुनः ब्लाक परिसर में आकर समाप्त हुई।

यात्रा के दौरान साथ चलने वाले हाथ में तिरंगा झंडा लहराकर चल रहे थे। यह दृश्य देखकर अन्य लोगों के अंदर देश भक्ति का जज्बा पैदा कर दे रहा था। भीड़ के हाथ में तिरंगा, दिल में हिंदुस्तान और जुबां पर भारत माता के जयकारे मार्गों पर गूंजा रहा था, देश प्रेम का भाव दिखा रहा था। सड़कों पर तिरंगे का गौरव, हर कदम देश के नाम दिख रहा था। घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा, भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे से पूरा क्षेत्र गुंजमान हो उठा था।
बिलरियागंज ब्लाक प्रमुख रमेश यादव ने बताया कि तिरंगा झंडा हमारे देश की आन-बान-शान है। इसको देखकर लोगों के मन में देश भक्ति का भाव उमड़ता है।
