
दैनिक भारत न्यूज
सिद्धार्थनगर।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां निकाह के महज डेढ़ महीने बाद ही एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर के कमरे में दफना दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी मच गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार संतकबीरनगर के दुधारा थाना क्षेत्र निवासी सफीदुन्निशा ने डुमरियागंज थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी मुफीदुन का निकाह एक जून 2026 को चकमझारी गांव निवासी शमशेर अहमद (25) के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के एक कमरे में खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति शमशेर अहमद समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाह के बाद से ही मुफीदुन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
