देवेंद्रनाथ पांडेय

पल्हना (आजमगढ़)।
विकासखंड पल्हना के लहुआ खुर्द ग्राम पंचायत स्थित पल्हना बाजार में जल निकासी की व्यवस्था ठीक ना होने के कारण बरसात में सड़कों पर पानी भर जाता है। जिससे दुकानदारों एवं बाजारवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आसपास गांव क्षेत्र से आवश्यक सामान लेने के लिए बाजार आने वाले लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं तथा वह कचड़े से लबोरेज हो जाते हैं। इसी बाजार में जिले में एकमात्र शक्तिपीठ के रूप में पूजित प्रमुख धार्मिक स्थल मां पाल्हमेश्वरी धाम भी है। जहां मां का दर्शन पूजन करने के क्षेत्रवासियों के अलावा दूर दराज से हजारों श्रद्धालु आते रहते हैं। इतना ही नहीं आए दिन मां पल्हना भवानी को साक्षी मानकर कई जोड़े परिणय सूत्र बंधन में बधते हैं। फिर भी शासन और प्रशासन की दृष्टि में इतना उपेक्षित है यह बाजार।
बाजारवासियों एवं क्षेत्रवासियों की मांग पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा आजाद द्वारा पांच लाख की लागत से सड़क के किनारे से एक तरफ से नाली बनायी गई थी। पर वह भी पूर्ण नही बन पाई। जिसके कारण बाजारवासियो के घरों का एवं सड़क का पानी नहीं बह पा रहा था। परेशान होकर बाजारवासियों ने उस नाली को पाट दिया। पुनः बाजारवासियो की मांग पर पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन द्वारा सड़क के दूसरे किनारे से नाली निर्माण कराया गया, पर ठेकेदार द्वारा नाली की ढलान सही ना बनवाने के कारण और बाजार में जगह-जगह क्रॉसिंग पर नाली ना बनवाने के कारण पानी नहीं निकल पा रहा था। उसको भी बाजारवासियों ने पाट दिया। पल्हना बाजार में मुकम्मल नाली का निर्माण न होने के कारण बरसात एवं बाजारवासियो के घरों का सारा पानी सड़कों पर बहता है। थोड़ी सी बरसात में भी आने जाने वाले लोग कीचड़ से सन जाते हैं। बरसात हो जाने पर जहां दुकानदारों की दुकानदारी मारी जाती है। वही राहगीरों के कपड़े भी खराब हो जाते हैं और दर्शनार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजार में मुकम्मल नाली का निर्माण कराया जाना आवश्यक है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी पल्हना विनीत यादव से बात करने पर उन्होंने बताया कि मां के धाम की साफ सफाई के लिए एडीयो पंचायत से हमने कह दिया है यदि बाजार में सड़कों पर बरसात में पानी भर जाता है और नाली की समस्या है तो क्षेत्र पंचायत से जो हो सकता है वह मैं करूंगा। बाजार के मुन्ना यादव, भगवान दास, फूलचंद यादव ,रामा साव ,योगेंद्र वर्मा,संतोष सिंह टीटू, ओम प्रकाश शिल्पकार सहित समस्त बाजार वासियों ने बाजार में मुकम्मल नाले के निर्माण की मांग शासन और प्रशासन से की है ताकि जल निकासी की व्यवस्था सही हो सके और लोग कचरे से बच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *