
दैनिक भारत न्यूज
हरदोई।
सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म के जहां तमाम फायदे हैं, वहीं इसके नुकसान भी बहुत हैं। ऐसे ही एक सनसनी खेज मामले का हरदोई पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ऑनलाइन अश्लील नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सीओ अंकित मिश्रा के मुताबिक आरोपी टेलीग्राम चैनल के जरिए नाबालिग छात्रों को पैसे लेकर अश्लील वीडियो और फोटो उपलब्ध कराए जा रहे थे। सीओ ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ जब एक नाबालिग छात्र का अश्लील वीडियो टेलीग्राम ग्रुप पर अपलोड कर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को कई टेलीग्राम चैनलों की जानकारी मिली, जिन पर करीब 8000 अश्लील वीडियो अपलोड थे। इन चैनलों का एक्सेस पेड सब्सक्रिप्शन के जरिए दिया जाता था और प्रति माह ₹350 वसूले जाते थे। साइबर जांच में पता चला कि सब्सक्रिप्शन की रकम एचडीएफसी बैंक खाते में जमा हो रही थी।
पुलिस के मुताबिक यह खाता प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र निवासी विकास सिंह के नाम पर मिला। जांच में खाते में करीब ढाई करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला, जिसे अश्लील सामग्री बेचकर कमाई गई रकम माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से नाबालिग छात्रों को टारगेट कर रहा था। अब साइबर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, चैनलों और फंडिंग की जांच कर रही है।
