दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
मेघालय की राजधानी शिलांग में 05 जुलाई से 08 जुलाई तक आयोजित 14वीं सीनियर नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है।
प्रतियोगिता में ज्ञानेंद्र चौहान ने 75-80 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं आर्यवीर सिंह ने 60-65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा सात्विक यादव ने 70-75 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया तथा अंजलीका यादव ने 75-80 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया। चैंपियनशिप में आजमगढ़ के अन्य खिलाड़ियों रानी दुबे, अनुराग कुमार, अनमोल यादव, सूरज यादव और मनीष यादव ने भी भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का प्रतिनिधित्व किया। इस अवसर पर पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को अब विश्व चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप, 39वें नेशनल गेम्स (मेघालय), खेलो इंडिया बीच गेम्स (दमन एवं दीव) तथा कॉमनवेल्थ पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। महासचिव ने कहा कि आजमगढ़ के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और भविष्य में प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों की इस सफलता पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं जनपदवासियों ने खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष लालगंज रतन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सरायमीर रामभुवन मौर्य, जिला मंत्री शैलेश प्रजापति, सभासद आलोक श्रीवास्तव, प्रिंस सिंह मोटी, मयंक श्रीवास्तव, पल्लव श्रीवास्तव, सौरभ कन्नौजिया, राज सिंह, निखिल श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *