
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
उत्तर प्रदेश सरकार की रोजगारपरक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत मंगलवार को हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
रोजगार मेले में एयरटेल, वेलस्पन प्रा.लि., वर्धमान प्रा.लि., हीरो मोटर्स, फ्लिपकार्ट, मैक्सवेल हॉस्पिटल, रोहित हाइब्रिड प्रा.लि., मर्सी होम हेल्थकेयर सर्विसेज, नर्सिंग केयर-24, आईसेट, एडुवांटेज इंडिया प्रा.लि. सहित कुल 18 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में 2,275 रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार किया गया।
मेले में कुल 613 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 400 अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया गया। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 253 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए चयनित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से 40 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप इन अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर जिला समन्वयक दीपक कुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती पूनम सिंह, जिला उपाध्यक्ष (लालगंज) हरीश कुमार तिवारी, एम.आई.एस. मैनेजर मृत्युंजय पाण्डेय, डी.पी.एम. विनोद कुमार पाण्डेय, श्रीमती एकता सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागी कंपनियों एवं अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त करते हुए रोजगार मेले का समापन किया गया।
