
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और संभावित ईंधन संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेल बचाने और सोने की खरीददारी न करने की अपील किया है। पीएम के निवेदन से प्रभावित होकर आजमगढ़ जिले के जिलाधिकारी ने तेल की खपत कम करने की मुहिम में जुट गये हैं। डीएम रविंद्र कुमार ने सख्त ‘ईंधन बचत अभियान’ की शुरूआत करते हुए अपने आवास से इलेक्ट्रिक वाहन से आफिस पहुंचे। सोमवार को डीएम ईरिक्शा से बैठकर आफिस के लिए रवाना हुए। उनके साथ स्टोने शिवकुमार विश्वकर्मा थे। जबकि ईरिक्शा चालक आगे बैठकर रिक्शा चला रहा था। डीएम ने ऑफिसर्स कॉलोनी में रहने वाले अधिकारियों के लिए कड़ा निर्देश जारी किया है कि वे कलेक्ट्रेट और विकास भवन जैसे नजदीकी कार्यालयों तक पहुंचने के लिए सरकारी वाहन के बजाय पैदल यात्रा करेंगे।

इसके अलावा अब से तहसील दिवस और समीक्षा बैठकों में अधिकारी अलग-अलग गाड़ियों के बजाय एक ही वाहन में बैठकर जाएंगे। डीएम ने अनावश्यक यात्राओं को कम करने के लिए प्रशासनिक बैठकों को अब प्राथमिकता के आधार पर ‘वर्चुअल मोड’ पर आयोजित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कम दूरी के कार्यों के लिए सरकारी गाड़ियों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। संकट की इस घड़ी में सादगी और संयम ही सबसे बड़ा समाधान है। हमने प्रशासनिक स्तर पर ईंधन बचत के प्रयास शुरू किए हैं, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके और आम जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश जाए।
