
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
देश और राज्य के मौजूदा हालात को देखते हुए तमाम एजेंसियां सक्रिय हैं और देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त लौगों को तेजी से धरपकड़ हो रही है। इसीक्रम में गुरुवार को एटीएस द्वारा आजमगढ़ जिले के दो युवकों को उठाया गया है। इन पर आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से संपर्क साध रहे थे। इन दोनों युवकों से एटीएस पूछताछ कर रही है। उधर जनपद में पुनः एटीएस की धमक से सुर्खियां बढ़ गयीं हैं।
निजामाबाद थाने की पुलिस के मुताबिक एटीएस द्वारा जिन दो युवकों को उठाया गया है। उसमें एक युवक मोहम्मद अहमद पुत्र रेहान अहमद है। वह खुदादादपुर गांव का रहने वाला है। जबकि दूसरा आजम सैफी पुत्र नय्यर जमाल है। वह सरायमीर थाने के पठान टोला का निवासी बताया जा रहा। स्थानिय लोगों के मुताबिक मोहम्मद अहमद सुबह करीब सात बजे रेहान बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर बैठा था, तभी.एटीएस की टीम धमक पड़ी और उसे अपने साथ लेकर चली गयी। लोगों के मुताबिक एटीएस की टीम उसे प्रयागराज जिले में ले जाने की बात कहे। लोगों ने बताया कि पुलिसवाले कह रहे थे कि यह दोनों युवक पाकिस्तान के कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स से व्हाट्सएप व अन्य माध्यमों के जरिए संपर्क में रहने के संदेह में उठाए जा रहे हैं। खुफिया एजेंसियां काफी समय से इनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। दिल्ली से मिले इनपुट के आधार पर ATS द्वारा यह कार्रवाई किए जाने की चर्चा है।
बता दें कि आजमगढ़ जिले के कई अन्य युवक भी एटीएस के रडार पर हैं। एटीएस की धमक से आजमगढ़ एक बार पुनः गरमा गया है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां पुलिस चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि ATS द्वारा मोहम्मद अहमद को प्रयागराज ले जाए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि अन्य युवकों के संबंध में उन्होंने कोई आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है।
फिलहाल मामले में ATS या प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है।
