
दैनिक भारत न्यूज
अतरौलिया।
थाना क्षेत्र के मनियारपुर के पास गोरखपुर लिंक एक्स प्रेस-वे के किलोमीटर 59,700 पर सोमवार को दो ट्रेलरों की भिड़ंत हो गयी। इस दौरान एक ट्रक की केबिन में बैठे व्यक्ति की मौत हो गई। बताया गया दोनों ट्रेलर रफ्तार के साथ गोरखपुर की तरफ जा रहे थे। इस बीच अतरौलिया के मनियारपुर के पास पहुंचने पर दोनों ट्रेलर एक दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिछले ट्रेलर की केबिन बुरी तरह पिचक गई। जिससे उसमें बैठा व्यक्ति बुरी तरह फंस गया। इस बीच दोनों ट्रेलर के चालक गाड़ी छोड़ कर भाग निकले। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष अतरौलिया अश्विनी कुमार दुबे, यूपीडा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ।काफी मशक्कत के बाद केबिन से व्यक्ति को बाहर निकाला गया। लेकिन उसको बचाया नहीं जा सका। वह मृत अवस्था में पाया गया। मृतक की पहचान मोनू पठान 30 पुत्र अफजल निवासी तारिक नगर थाना मझोला, जनपद मुरादा बाद के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। उधर अतरौलिया पुलिस द्वारा मृतक के थाने पर सूचना भेज दी गई है।दोनों ट्रेलर पुलिस कस्टडी में हैं।
