राकेश चतुर्वेदी

मेंहनगर (आजमगढ़)।
नगर पंचायत मेंहनगर में पुश्तैनी जमीन पर भवन निर्माण का मानचित्र स्वीकृत किए जाने के विरोध में भाजपा के पूर्व जिला सह संयोजक रणबीर सिंह मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में आमरण अनशन पर बैठ गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विवादित जमीन पर आपत्ति होने और बंटवारा न होने के बावजूद भवन निर्माण का मानचित्र स्वीकृत कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के गाटा संख्या 1044 की जमीन संयुक्त खाते में दर्ज है। इसमें अभी तक फाट का बंटवारा नहीं हुआ है, और पहले से ही आपत्ति भी दर्ज थी। इसके बावजूद श्रवण पुत्र स्व. धनई तथा फूलचंद और लालचंद पुत्रगण स्व. मनई के भवन निर्माण संबंधी मानचित्र को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। उन्होंने इसे नियम विरुद्ध बताते हुए विरोध जताया।
रणबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने 16 नवंबर से आमरण अनशन शुरू करने की सूचना व्हाट्सएप के माध्यम से नगर पंचायत प्रशासन को दे दी थी, लेकिन छठ महापर्व के विशेष अवकाश के कारण मंगलवार सुबह 10 बजे से अनशन शुरू किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्वीकृत मानचित्र निरस्त नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी विक्रम का फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं वरिष्ठ लिपिक अशोक दुबे ने बताया कि आपत्ति की जानकारी नहीं थी। पूर्व अधिशासी अधिकारी द्वारा स्वीकृति दिए जाने के आधार पर मानचित्र पास किया गया था। फिलहाल मौके पर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। विधिक सलाह लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अनशन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए रणबीर सिंह ने अधिशासी अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *