दैनिक भारत न्यूज

महोबा।
इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात महोबा जिले से सामने आई है। कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने 28 वर्षीय युवक पर कुल्हाड़ी से ऐसा जानलेवा हमला किया गया। आरोपी कुल्हाड़ी से हमलाकर उसके दोनों हाथ शरीर से अलग कर दिए। हमलावरों ने उसके पैर और सिर पर भी कई वार किए और उसे लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित के परिजनों ने इस हमले का आरोप भाजपा युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी बताए जा रहे शिवप्रताप सिंह परमार और उनके साथियों पर लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
मंगलवार की देर रात महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के समदनगर इलाके में स्थित चंदेल पेट्रोल पंप के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब समदनगर निवासी 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पर आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही विक्की पेट्रोल पंप पर पहुंचा, उसे चारों ओर से घेर लिया गया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए गए। हमला इतना निर्मम था कि विक्की के दोनों हाथ कलाई के पास से लगभग कट गए। उसके पैर और सिर पर भी धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए। पूरी वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और घायल युवक खून से लथपथ सड़क पर तड़पता रहा। घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान बेटे की हालत की खबर मिलते ही उसकी मां भी घटनास्थल पर पहुंच गई। खून से सने अपने बेटे के कटे हुए हाथों को कपड़े से बांधने की उसकी कोशिश देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक बताते हुए उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *