दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
शासन के मंशानुरूप जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने तहसील सगड़ी के विकासखंड अजमतगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत भुवना बुजुर्ग में जन चौपाल आयोजित कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन किया तथा ग्रामीणों की शिकायतों का मौके पर प्रभावी निस्तारण किया। जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के घर-घर जाकर आत्मीय संवाद स्थापित किया और समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
जन चौपाल में ग्राम प्रधान के विरुद्ध की गई शिकायतों के सत्यापन में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। वहीं अंश निर्धारण एवं वरासत में लापरवाही के कारण 67 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित पाए जाने तथा 05 मामलों में नाम मिसमैच मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे एवं ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सगड़ी को निर्देश दिया कि संबंधित लेखपाल सूर्यजीत को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच कराई जाए। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, वरासत, नाम मिसमैच एवं सरकारी भूमि के मामलों का सत्यापन कराया गया।

*पेंशन, बिजली और राशन से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान*

सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं—वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन—के सत्यापन में मृत व्यक्तियों के नाम सूची में पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को अगले ही दिन तक ऐसे नाम हटाने के निर्देश दिए। इसी दौरान 70 वर्षीय रामबचन राजभर ने वृद्धावस्था पेंशन हेतु आवेदन न हो पाने की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही उनका ऑनलाइन आवेदन करवाया।
बिजली बिल संबंधी शिकायतों के सत्यापन में ग्रामीणों ने विद्युत जेई पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। एक महिला द्वारा विद्युत समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत करने पर जिलाधिकारी ने तीन दिन के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
गैस सिलेंडर, राशन कार्ड एवं पोषाहार सत्यापन में तीन अपात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उनका कार्ड निरस्त करने तथा जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत पांच पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभान्वित करने को कहा गया।

*पीएम सूर्य घर योजना, युवा उद्यमी योजना एवं बैंक ऋण प्रकरणों की समीक्षा*

विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बैंकों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा में दो ऋण आवेदन लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने एलडीएम को तत्काल स्वीकृति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गांव में आयोजित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कैंप में 16 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सोलर पैनल में किया गया खर्च अनुदान के बाद 3 से 4 वर्षों में कम बिजली बिल के माध्यम से निकल जाएगा, जिसके बाद उपभोक्ताओं को निःशुल्क सौर ऊर्जा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को बिना गारंटी एवं बिना ब्याज के ₹5 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
गांव की साफ-सफाई व्यवस्था, सामुदायिक शौचालय एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया, जिसमें व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। ग्रामीणों द्वारा बरसात में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु नाला निर्माण की मांग करने पर जिलाधिकारी ने नाला निर्माण को स्वीकृति प्रदान की।

*लखपति दीदी कलावती सम्मानित, जल जीवन मिशन की खामियों पर जताई नाराजगी*

स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की दीदी कलावती अत्यंत जिम्मेदारी के साथ निभा रही हैं। ग्रामीणों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि बारिश में भी वे नियमित रूप से सफाई कार्य करती हैं। जिलाधिकारी ने लखपति दीदी कलावती को बुके देकर सम्मानित किया तथा आगामी 15 अगस्त को कलेक्ट्रेट में प्रशस्ति पत्र देने हेतु आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का सत्यापन सही पाया गया। वहीं जल जीवन मिशन के सत्यापन में ग्रामीणों ने शिकायत की कि कुछ मजरों में नल कनेक्शन नहीं हैं तथा कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जल जीवन मिशन प्रभारी को गांव के सभी घरों तक नल कनेक्शन एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल सखियों को समय-समय पर टेस्टिंग किट से पानी की गुणवत्ता जांचने एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जन चौपाल के दौरान पशुओं के टीकाकरण, सहभागिता योजना, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा योजनाओं का भी सत्यापन किया गया तथा स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ। शीला एवं गीतांजलि नामक महिलाओं द्वारा शौचालय की मांग किए जाने पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।

*ग्राम भ्रमण में गिरे विद्युत तार पर जताई नाराजगी, स्कूल का भी किया निरीक्षण*

जन चौपाल के पश्चात जिलाधिकारी ने गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों के दरवाजे पर पहुंचकर समस्याओं को जाना। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय भुवना बुजुर्ग का निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
ग्राम भ्रमण के दौरान अवध राम के घर के सामने विद्युत तार खेत में गिरा पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि 06 फरवरी की आंधी से तार गिरा हुआ है, बावजूद इसके दूसरी ओर से विद्युत आपूर्ति जारी है। इस गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए गिरे हुए तार की फोटो एवं वीडियो अधीक्षण अभियंता को भेजकर रिपोर्ट तलब करने हेतु मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया।
सत्ती देवी पत्नी शेखा यादव के घर पहुंचने पर उन्होंने पेयजल नल कनेक्शन न होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन प्रभारी को तत्काल नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
ग्राम भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं से संवाद कर गांव की समस्याओं को जाना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपने बीच, अपने दरवाजे पर पाकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, आईएएस प्रशिक्षु सिद्धार्थ सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा राम उदरेज यादव, उपायुक्त एनआरएलएम आराधना त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह, सीओ सगड़ी ,बीडीओ सहित समस्त विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *