दैनिक भारत न्यूज

बरेली।
जिले के कैंट क्षेत्र में 200 गज के प्लॉट पर कथित कब्जे और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज एक ही परिवार की दो महिलाओं ने बुधवार सुबह कलक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल पेट्रोल की बोतल छीनकर उन्हें रोक लिया। घटना से कलक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाया और दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मानपुर चिकटिया निवासी गौरव का आरोप है कि उनके परिवार के 200 गज के प्लॉट पर पड़ोसी राजवीर ने करीब दो महीने से कब्जा कर रखा है। आरोप है कि प्लॉट पर निर्माण भी कराया जा रहा है। मंगलवार सुबह परिवार की महिलाएं निर्माण कार्य रुकवाने के लिए मौके पर पहुंची थीं। गौरव का आरोप है कि उस समय कैंट थाने के हल्का प्रभारी दरोगा राकेश भी वहां मौजूद थे। महिलाओं ने निर्माण रोकने का विरोध किया तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
गौरव के मुताबिक, प्लॉट के विवाद को लेकर परिवार कई बार पुलिस अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी और सदर एसडीएम से भी शिकायत कर चुका है। आरोप है कि लगातार गुहार लगाने के बाद भी विवाद का समाधान नहीं हुआ। इसी से परेशान होकर परिवार की महिलाओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर विरोध का यह कदम उठाया।
घटना के दौरान इंटेलिजेंस के दरोगा ओमपाल सिंह भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी को मामले की जानकारी दी। इसके बाद महिलाओं को उनकी समस्या के जल्द निस्तारण और आरोपों की जांच कराने का भरोसा दिलाया गया। दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल भेजा गया। प्लॉट पर कब्जे, कथित मारपीट और पुलिस की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *