
दैनिक भारत न्यूज
भदोही।
जिले के औराई में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार हाई वोल्टेज ड्रामा में बदल गया, जेठूपुर में बुधवार को एक विवाहिता मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और पति-सास को बुलाने की जिद पर अड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत पति और सास को बुलाया, तब जाकर महिला नीचे उतरी।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने 2 माह पहले प्रेमी संग भागकर शादी कर ली थी, लेकिन महज कुछ दिनों में ही उसके साथ रहना उसे भारी पड़ गया। बताया जाता है कि प्रेमी के पास पैसे खत्म होने और रिश्ते बिगड़ने के बाद महिला ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। और फिर से वापस सुसराल पहुंच गई, और पति के साथ रहने की इच्छा जताई। प्रेमी संग भागने से नाराज ससुराल पक्ष ने महिला को दोबारा अपनाने से साफ मना कर दिया। जिसके बाद महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई, इसके बाद हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। महिला सुसराल पक्ष को बुलाने की मांग पर अड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने महिला के सास और पति को मौके पर बुलवाया। काफी समझाने बुझाने के बाद महिला टॉवर से नीचे उतरी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। घटना के बाद इस अनोखे लव ट्रायंगल की चर्चा तेज हो गई है।
