
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार के आदेश पर थाना सरायमीर पुलिस अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की धर पकड़ के लिए शनिवार की रात में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दरम्यान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि दो लोग पशुओं को पिकअप पर लाद कर सिकरौर, मार्टिनगंज मार्ग से मड़ियाहूं पशु बाजार जौनपुर की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस तुरन्त मौके के लिए रवाना हो गई। कौरा गहनी नहर के पास पहुंचने पर एक संदिग्ध पिकअप को पुलिस द्वारा
रोकने का इशारा करने पर आरोपी बैरियर तोड़कर पिकअप से रफ्तार से भागने लगे। पुलिस द्वारा कुछ दूर पीछा करने पर पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। एक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया तो वह अपने ऊपर खतरे को भांपकर पुलिस पर निशाना साधते हुए फ़ायर करने लगा। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जबावी कार्रवाई में गोलियां चलाईं। गोली बदमाश के बाएं पैर लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया जबकि अन्य एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठा कर भाग निकला। घायल आरोपी को सीएचसी फूलपुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सक ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घायल आरोपी दिलशाद उर्फ दिलशान पुत्र सगीर निवासी सोफीगढ़, थाना अहरौला है। उसके ऊपर आजमगढ़, अम्बेडकर नगर, जौनपुर सुल्तानपुर, मऊ ,संतकबीर नगर आदि जगहों पर चोरी सहित विभिन्न संगीन धाराओं में कुल 22 मुकदमें हैं। घायल आरोपी के पास से तीन चोरी की भैंस, एक फर्जी प्लेट नंबर की पिकअप, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।
