
अरुण यादव
आजमगढ़।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो गांव निवासी थोक पान सामाग्री विक्रेता रविकांत उर्फ हीरा के मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस की तीन टीमें दूसरे दिन शनिवार को भी उलझीं रहीं। पुलिस की जांच प्रमुख रुप से प्रेम प्रसंग और रंजिश के बीच अटकी हुई है। पुलिस इस बिंदू पर काम करते हुए साक्ष्य संकलन भी कर रही है। उधर ठंड के बीच रविकांत बगैर गरम कपड़ा पहने ही भोर में टहलने निकला था, यह बात हजम नहीं हो रही। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरम है।
बता दें कि रविकांत उर्फ हीरा की अमिलो बाजार में वर्षों पुरानी पान की दुकान थी। इस दुकान की नींव उसके पिता ने रखी थी। रविकांत का परिवार संपन्न था। वह नित्य सुबह अपनी दुकान पर जाता और देर रात को दुकान बंद करके घर लौटता था। उसकी पत्नी गर्भवती है। वह बीते कुछ दिनों से अपने मायके गई हुई थी। रविकांत के बड़े भाई पन्नालाल और उसके दोस्तों की मानें तो वह गुरुवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद करके घर लौटा। भोजन के बाद पत्नी से फोन पर बात किया। इसके बाद सो गया। शुक्रवार की भोर में करीब साढ़े तीन बजे वह घर से बाहर निकला। घर वालों के मुताबिक घर से बाहर निकलने पर बाईं तरफ बाजार है। जबकि दाहिने तरफ कुछ लोगों के घर, खेत और बाग है। इस समय रात में ठंड पड़नी शुरू हो गई है। भोर में ठंड कुछ ज्यादा ही रहती है। ऐसे में रविकांत टहलने के लिए केवल संडो गंजी और लोवर पहनकर निकला था, यह बात आमजन को हजम नहीं हो रही। घर से बाहर निकलते समय उसकी मोबाइल भी घर पर ही थी। ऐसे में मौत का रहस्य गहरा गया है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गरम है। इस संबंध में सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग तीन टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमें अपने-अपने स्तर से जांच करते हुए साक्ष्य सबूत इकट्ठा कर रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर करते हुए काम कर रही है। जल्द ही घटना की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
