
नरेंद्र बहादुर राय
बिलरियागंज।
बीते शुक्रवार को थाना रौनापार क्षेत्र के कुल छः युवक पिकअप से छठ पूजा का सामान लेने गोरखपुर गए थे। वे सामान लेकर फोर लेन के रास्ते देर रात में घर वापस लौट रहे थे। इस दरम्यान
हाटा बाजार व बड़हलगंज के बीच एक पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रेलर से पिकअप टकरा गई। जिससे उसमें सवार हरसू 18 पुत्र गुड्डू मद्धेशिया निवासी सुदनीपुर की मौत हो गई। जबकि अन्य पांच साथी मुलायम, शुभम, रवि, प्रियांशु, डब्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का विभिन्न अस्पलों में इलाज चल रहा है। सभी घायल युवक क्षेत्र के भागीपुर के निवासी हैं। उधर छठ पूजा के सामान का इंतजार कर रहे परिजनों को जैसे ही इस भीषण हादसे की जानकारी हुई कि उनकी छठ की खुशियां गम में बदल गईं। मृतक के परिवार में भयंकर चीख पुकार मच गई। चीख पुकार से पूरा गाँव दहल गया। उधर घायलों के परिजन अलग बिलख रहे थे। वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से बिनती कर रहे थे। छठ मईया से उनके सकुशल वापसी की कामना कर रहे थे।
