
राकेश चतुर्वेदी
मेहनगर।
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों से युवती का अश्लील वीडियो डिलिट करने के नाम पर मेहनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक 60 हजार रुपये लिया, लेकिन वीडिया नहीं हटाया। साथ ही और पैसे की मांग करने लगा। युवती की शिकायत पर मेहनगर थाने की पुलिस ने शनिवार को बाबू की खजुरी गांव के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया।
सीओ लालगंज आस्था जायसवाल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हरेंद्र यादव पुत्र विश्वनाथ यादव मेहनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ 12 नवंबर को एक युवती ने मेहनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराई। जिसमें आरोप है कि आरोपी हरेंद्र यादव करीब तीन साल पहले उससे संपर्क बढ़ाया। शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। इस दौरान हरेंद्र ने युवती का अश्लील वीडियो बना लिया। युवती ने जब हरेंद्र से शादी की बात कही तो उसने इंकार कर दिया। साथ ही अश्लील वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर वायरल कर दिया। इस बात की जानकारी होने पर युवती ने हरेंद्र से वीडियो डिलिट करने को कही तो वह रुपये मांगने लगा। आरोप है कि 60 हजार रुपये लेने के बावजूद वीडियो नहीं डिलिट किया। ऐसे में पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर उसे बाबू की खजुरी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का चालान कर जेल भेजवा दिया गया।
