दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
प्रभारी मंत्री श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने शुक्रवार को रानी की सराय स्थित कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदल्ला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कंपोजिट विद्यालय में मंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई की प्रगति जानी। स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल शिक्षा की व्यवस्था देखी। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि महापुरुषों की जयंती और राष्ट्रीय दिवसों पर 10 मिनट का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाए, ताकि बच्चों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का विकास हो सके। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी है।
इसके बाद मंत्री रानी की सराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने मरीजों को मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई का निरीक्षण किया। एसीएमओ डॉ. अब्दुल अजीज और अधीक्षक डॉ. मनीष तिवारी ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि ब्लॉक की जनसंख्या को देखते हुए 6 बेड का PHC नाकाफी है। उन्होंने इसे 25 बेड में विस्तारित करने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने का निर्देश दिया और आश्वासन दिया कि वे शासन स्तर से इसे मंजूर कराएंगे। उन्होंने कहा, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ कमलकिशोर कंडारकर, डीडीओ संजय कुमार सिंह, एसडीएम आकाश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *