
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिशूल के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना जहानागंज, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने 52 किलो से अधिक अवैध गांजा के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम गुरुवार शाम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि ग्राम सीही में निर्माणाधीन बाउंड्री के पास एक व्यक्ति गांजे की खेप लेकर खड़ा है। घेराबंदी कर पुलिस ने 17:45 बजे आरोपी बृजेश राजभर उर्फ धरमू राजभर पुत्र रामचेत राजभर निवासी जानकीपुर, तहबरपुर को पल्सर मोटरसाइकिल समेत दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 5 बंडलों में रखा कुल 52.607 किलोग्राम गांजा और 520 रुपये नकद बरामद हुए। तस्करी में प्रयुक्त बाइक को सीज कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह गांजे की खेप को बोरियों में पैक कर बाइक से सप्लाई करता था और बदले में मोटी रकम लेता था। आरोपी पूर्व में भी बिलरियागंज थाने से एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जहानागंज में मु.अ.सं. 248/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अन्य सप्लायरों की तलाश शुरू कर दी है।
