दैनिक भारत न्यूज

लालगंज (आजमगढ़)। लालगंज चौराहे के पास स्थित गीता चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। जांच में अस्पताल का पंजीकरण नहीं मिलने, संचालक और स्टाफ के पास निर्धारित योग्यता से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं होने तथा एनआईसीयू में मानकों की अनदेखी किए जाने की पुष्टि के बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। विभाग ने अस्पताल के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के सीयूजी नंबर पर स्थानीय लोगों ने नवजात की मौत और इलाज में लापरवाही के आरोपों की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सीएचसी लालगंज के अधीक्षक डॉ. एआर सिंह के माध्यम से अस्पताल का निरीक्षण कराया गया।
जांच के दौरान अस्पताल का सीएमओ कार्यालय में वैध पंजीकरण नहीं मिला। अस्पताल संचालक और कार्यरत स्टाफ निर्धारित चिकित्सा डिग्री, तकनीकी योग्यता एवं संबंधित पंजीकरण के वैध अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सके। अस्पताल में संचालित नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान साक्ष्य जुटाने के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।

00000

पूर्व में सीज होने के बाद भी चल रहा था अस्पताल

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संबंधित अस्पताल को पूर्व में भी सीज किया गया था। इसके बावजूद दोबारा संचालन किए जाने की जानकारी सामने आई है। निरीक्षण के दौरान संचालक और स्टाफ वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके और मौके से फरार हो गए। विभाग ने मरीजों की सुरक्षा और जनहित को देखते हुए अस्पताल को फिर से सीज कर दिया है।
सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि जिले में बिना वैध पंजीकरण के संचालित निजी अस्पतालों और चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निजी अस्पतालों की नियमित जांच करने और अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की कि इलाज कराने से पहले अस्पताल का पंजीकरण और चिकित्सकों की योग्यता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *