आशीष तिवारी

आजमगढ़।
जिले से लापता होने वाली लड़कियों की बढ़ती संख्या और अहरौला में युवती की तस्करी कर वेश्यालय में बेचे जाने के मामले ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक नवंबर तक जिले में कुल 1201 लड़कियां, युवतियां और महिलाएं घर से लापता हुईं। इनमें पुलिस ने 1062 को बरामद कर परिजनों तक पहुंचा दिया, लेकिन 139 अभी भी लापता हैं। इनमें करीब 100 के बारे में पुलिस को जानकारी है कि वे अपने प्रेमी के साथ हैं। इसके बावजूद 39 लड़कियां ऐसी हैं, जिनका अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस के मुताबिक इनमें ज्यादातर नाबालिग हैं।
39 लड़कियों की गुमशुदगी अब पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। इनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के कारण पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों से लेकर दूसरे जिलों तक की खाक छान रही हैं। टीमों को तकनीकी और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर तलाश का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस अधिकारी भी गठित टीमों के प्रभारियों से रोजाना कार्रवाई की जानकारी ले रहे हैं।

*अहरौला के मामले ने बढ़ाई चिंता*

लापता लड़कियों की तलाश के बीच अहरौला पुलिस द्वारा एक युवती को तस्करी के जरिए बिहार और पश्चिम बंगाल के वेश्यालयों तक पहुंचाए जाने का मामला उजागर करने से पूरे प्रकरण की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार अहरौला क्षेत्र की रहने वाली युवती को कथित तौर पर वेश्यालय में बेच दिया गया था। करीब आठ महीने बाद पुलिस उसे वहां से बरामद कर सकी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस को अन्य लड़कियों के भी वहां फंसे होने की जानकारी मिली है। संबंधित स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी गई है।
इस मामले ने उन परिवारों की चिंता भी बढ़ा दी है, जिनकी बेटियां लंबे समय से लापता हैं। हालांकि पुलिस के पास करीब 100 लापता लड़कियों के प्रेमी के साथ होने की जानकारी है, लेकिन बाकी 39 के बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। ऐसे में पुलिस अब इन मामलों को लेकर किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं करना चाहती।

*दूसरे जिलों में भी तलाश*

पुलिस ने लापता लड़कियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। ये टीमें आजमगढ़ के अलावा दूसरे जिलों में भी संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस अधिकारियों की ओर से टीमों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। खासकर नाबालिग लड़कियों के मामलों में पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है।
अहरौला प्रकरण में युवती को करीब आठ माह बाद बरामद किए जाने के बाद पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ गया है। वेश्यालयों तक तस्करी के नेटवर्क की आशंका ने लापता लड़कियों की तलाश को और संवेदनशील बना दिया है। हालांकि पुलिस अभी 39 लापता लड़कियों के मामले में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और उनके बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

*एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि*
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता 39 लड़कियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। इनके बारे में जानकारी जुटाने और बरामदगी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार काम कर रही हैं। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *