दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता की चेतावनियों पर ठेकेदार भारी पड़ रहा है। आधी-अधूरी सड़क का निर्माण पूरा कराने के लिए विभाग की ओर से ठेकेदार को कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद काम पूरा नहीं हुआ। नतीजा यह है कि लालगंज क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को गड्ढों से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। सड़क पर गिरकर लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों पर शिकायतों का भी कोई असर दिखाई नहीं दे रहा।

आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर लालगंज रेतवां चंद्रभानपुर छावनी से बड़ागांव होते हुए बहादुरपुर तक करीब सात किलोमीटर सड़क है। इस मार्ग से आसपास के दर्जनों गांवों के लोग आवागमन करते हैं। सड़क जर्जर होने पर ग्रामीणों की मांग के बाद शासन ने मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत किया और निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदारी सौंपी। विभाग ने सड़क निर्माण का काम मेसर्स रामाशीष सिंह भिलिहिली को दिया। ठेकेदार ने करीब पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया, लेकिन शेष दो किलोमीटर सड़क महीनों से अधूरी पड़ी है।

बहादुरपुर निवासी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संतोष राय का कहना है कि सड़क निर्माण पूरा कराने के लिए वह मार्च 2025 से लगातार समाधान दिवस में शिकायत कर रहे हैं। उनकी शिकायत के बाद निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता ने ठेकेदार को कई बार सड़क का निर्माण पूरा करने के लिए चेतावनी पत्र जारी किया, लेकिन ठेकेदार पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। निर्धारित अवधि में भी निर्माण पूरा नहीं हो सका।

एक माह में ही टूट गई 24 लाख की सड़क

लालगंज नहर की पटरी पर बनी सड़क की स्थिति भी सवाल खड़े कर रही है। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक करीब 24 लाख रुपये की लागत से करीब पांच सौ मीटर सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण के एक माह के भीतर ही सड़क जगह-जगह टूट गई और गड्ढे बन गए।

इसके अलावा लालगंज में मस्जिद से रेतवां, कमरहा और मेहरोकला होते हुए जाने वाली सड़क का निर्माण भी महीनों से अधूरा पड़ा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एक तरफ विभाग ठेकेदार को निर्माण पूरा करने के लिए पत्र पर पत्र लिख रहा है, वहीं दूसरी ओर अधूरी और क्षतिग्रस्त सड़कों की वजह से आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *