
आजमगढ़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। लोकतंत्र में पारदर्शिता बेहद जरूरी है और जनता के मन में उठ रहे सवालों का समाधान होना चाहिए।
मेहनगर से सपा युवा नेता आशुतोष चौधरी ‘आशु’ भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर यह प्रदर्शन किया जा रहा है। आगे पार्टी नेतृत्व की ओर से जो भी निर्देश मिलेगा, उसके आधार पर कार्यकर्ता आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।

वहीं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इसरार अहमद ने कहा कि सपा का प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार अपनी आवाज उठाती रहेगी।

प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष सुनीता सिंह भी महिला कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
