आजमगढ़। वटनगर से वाराणसी के लिए निकली बाइक यात्रा आजमगढ़ पहुंची। जनपद में प्रवेश के बाद विभिन्न स्थानों पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। तेरही डिग्री कॉलेज, कप्तानगंज में भाजपा नेता सत्येंद्र राय के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने बाइक यात्रियों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र उत्साह और जोश से सराबोर नजर आया।
तेरही डिग्री कॉलेज में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, सत्येंद्र राय, निखिल राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सत्येंद्र राय ने बाइक यात्रियों पर पुष्पवर्षा करते हुए कहा कि यह यात्रा लोगों को सेवा, सामाजिक सरोकार और जनजागरूकता से जोड़ने का माध्यम है। यात्रा का आजमगढ़ पहुंचना कार्यकर्ताओं और आम लोगों के लिए उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जिस तरह से लोगों का सहयोग और उत्साह मिल रहा है, वह इस अभियान की सफलता को दर्शाता है।

इसके बाद कप्तानगंज बाजार बाईपास पर पारसनाथ यादव के नेतृत्व में, मंदुरी तिराहा पर राधेश्याम सिंह गुड्डू के नेतृत्व में, कंधरापुर बाजार में जयनाथ सिंह के नेतृत्व में तथा सेहदा में रमेश यादव के नेतृत्व में बाइक यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
बाइक यात्रा भंवरनाथ मंदिर और जिला कार्यालय होते हुए भोजन एवं रात्रि विश्राम के लिए बाबा विश्वनाथ मैरिज हॉल, बेलइसा पहुंची। यहां सुशील सिंह के नेतृत्व में भी बाइक यात्रियों का जोरदार स्वागत किया गया।

छह अक्टूबर की सुबह छह बजे योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद नाश्ता एवं जलपान के उपरांत सुबह नौ बजे बाइक यात्रा आगे के लिए रवाना होगी। यात्रा छतवारा चौराहा, करणपुर, सुम्भी बाजार और पीजीआई चक्रपानपुर पहुंचेगी। यहां सेवा यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा मरीजों में दवा वितरण किया जाएगा।
इसके बाद यात्रा नरेहथा, सिंहपुर बाजार, खरिहानी बाजार, तरवां बाजार और मेहनाजपुर होते हुए गाजीपुर के लिए रवाना होगी। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सत्येंद्र राय ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना और सेवा भावना को आगे बढ़ाना है।

