दैनिक भारत न्यूज

अमरोहा।
जिले के रहरा थाना क्षेत्र में नकली ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इलाके के बुरावली गांव में एक कॉस्मेटिक की दुकान पर छापेमारी कर टीम ने नामी कंपनी के नाम से बेचा जा रहा कथित नकली खुशबू तेल बरामद किया है। बताया गया कि खुशबू ऑयल कंपनी के जांच अधिकारी की शिकायत पर हसनपुर के नायब तहसीलदार और थाना रहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बुरावली स्थित कॉस्मेटिक की दुकान पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से 100 एमएल की कुल 500 बोतलें बरामद हुईं। टीम ने बरामद सभी बोतलों को कब्जे में लेकर मौके पर ही सील कर दिया। पुलिस के मुताबिक दुकान संचालक नईम, निवासी कस्बा उझारी, पर नामी कंपनी के नाम से कथित नकली तेल बेचने का आरोप है।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नकली कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *