
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
रानी की सराय ब्लाक के ऊंजी जलाईपुर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय का डीएम रविन्द्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शौचालय की स्थिति तथा साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण किया तथा वहां तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही छात्र-छात्राओं के लिए गुणवत्तायुक्त भोजन तैयार कराया जाए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विद्यालय की कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से किताबें पढ़वाकर तथा प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा। कक्षा में टाइल्स पर बिछी दरी पर पढ़ रहे कक्षा 1 व 2 के छोटे बच्चों के बीच जिलाधिकारी ने नीचे बैठकर प्यार दुलार करते हुए बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होने बच्चों से विद्यालय में मिलने वाले भोजन के संबंध में भी जानकारी ली और पूछा कि उन्हें भोजन में क्या-क्या मिला। जिलाधिकारी ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्थित बालक एवं बालिका शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराते हुए उन्हें हमेशा स्वच्छ एवं उपयोग योग्य रखा जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में भी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की वास्तविक उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
